Menu Close

ट्यूनीशिया : रोजा न रखने पर कानूनी कार्रवाई, विरोध में सड़कों पर उतरे लोग

ट्यूनिस : ट्यूनीशिया में बडी संख्या में लोग जबरन रोजा रखवाए जाने के विरुध्द प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों की मांग है कि, रोजा रखना ऐच्छिक हो और जो रोजा न रखना चाहे, उसे रमजान के महीने में खाने-पीने का अधिकार मिले। रविवार को एक स्थानीय मानवाधिकार संगठन की अपील पर बडी संख्या में लोग जमा हुए और उन्होंने रमजान के दौरान सार्वजनिक तौर पर खाने-पीने के अपने अधिकार का समर्थन करते हुए प्रदर्शन किया। ट्यूनीशिया में हाल के दिनों में रोजा न रखने वाले कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यहां रमजान के दौरान लोगों के सिगरेट पीने पर भी पाबंदी है।

रविवार को ट्यूनिश सेंटर पर कई मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने जमा होकर नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने अरबी, अंग्रेजी और फ्रेंच भाषाओं में लिखे पोस्टर्स के साथ प्रदर्शन किया। इन पोस्टर्स में लिखा था, ‘अगर तुम रोजा रखते हो और मैं खाता हूं, तो इससे तुम्हें क्या परेशानी होती है ?’ इन कार्यकर्ताओं की मांग है कि सरकार धर्म और इससे जुड़े रीति-रिवाजों के पालन के लिए संविधान में दिए गए व्यक्तिगत अधिकारों का सम्मान करे। ट्यूनिशिया में संवैधानिक तौर पर रोजा न रखने वालों को सजा देने संबंधी कोई कानून नहीं है, इसके बावजूद सरकार ने रमजान के दौरान रोजा नहीं रखने वाले कई लोगों को गिरफ्तार करने का आदेश जारी किया। जिस मानवाधिकार संगठन ने इन प्रदर्शनों का आयोजन किया, उसका नाम ‘माउच बेसिफ’ है। स्थानीष भाषा के इस शब्द का मतलब ‘हमारी इच्छा के विरुध्द नहीं’ होता है।

इस संगठन ने सोशल मीडिया पर भी यह मुहिम शुरू की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि, वे रोजा नहीं रखने वालों की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं। मालूम हो कि रमजान का महीना शुरू होने के एक हफ्ते के अंदर ही ट्यूनिशिया में ४ लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनका अपराध यह था कि, रमजान होने के बावजूद उन्होंने दिन-दहाड़े खाना खा लिया था। इन सभी लोगों को रोजा नहीं रखने का दोषी मानते हुए १ महीने जेल की सजा सुनाई गई है। न्यायालय ने उन्हें ‘जनता की परंपराओं और मान्यताओं पर हमला’ करने का दोषी माना।

स्त्रोत : नवभारत टाइम्स

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *