Menu Close

पाकिस्‍तान के पास ९०से ११० परमाणु हथियार, पूरी दुनिया के लिए बना खतरा !

माघ शुक्ल षष्ठी , कलियुग वर्ष ५११४


वाशिंगटन। पाकिस्तान के पास करीब ९० से ११० परमाणु हथियार हैं। यह जानकारी अमेरिकी कांग्रेस की नवीनतम रिपोर्ट में दी गई है। इसमें अमेरिकी सांसदों को सूचित किया गया है कि इस्लामाबाद अमेरिका के साथ परमाणु सहयोग समझौता करने को इच्छुक है जिसे उनकी मंजूरी आवश्यक है। अमेरिकी कांग्रेस की स्वतंत्र शोध शाखा कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस (सीआरएस) में बताया गया है, ‘पाकिस्तान के पास संभवत: ९० से ११० परमाणु हथियार हैं, जबकि इससे ज्यादा भी हो सकता है।’ 
 
रिपोर्ट में कहा गया है, ‘इस्लामाबाद विखंडनीय सामग्री का उत्पादन कर रहा है, इससे संबंधित उत्पादन सुविधाओं को जोड़ रहा है और अतिरिक्तआपूर्ति वाहन तैनात कर रहा है। इन कदमों से पाकिस्तान अपने परमाणु हथियार की संख्या और गुणवत्ता में वृद्धि करने में सक्षम होगा।’ ‘पाकिस्तान का परमाणु हथियार:परमाणु प्रसार एवं सुरक्षा मुद्दे’ नामक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह ध्यान देने योग्य है कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने अमेरिका के साथ परमाणु सहयोग समझौता करने में रुचि दिखाई है जिसके लिए कांग्रेस से मंजूरी आवश्यक है।’ रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान ने हाल के वर्षों में अपने परमाणु हथियारों की सुरक्षा पर अंतरराष्ट्रीय विश्वास बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। कांग्रेस की रिपोर्ट करीब ३० पन्नों की है जिसमें सांसदों को सूचित किया गया है कि परमाणु हथियारों के जखीरे में गुणात्मक एवं परिमाणात्मक इजाफा उन परिस्थितियों को बढ़ा सकता है जिसमें वह अपने परमाणु हथियारों का उपयोग करने को इच्छुक होगा। 
 
इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान एफ-१६ लड़ाकू विमानों का उपयोग अपने परमाणु हथियारों के संचालन में कर सकता है जो अमेरिका से खरीदे गए हैं बशर्ते उनमें कुछ संशोधन किए जाएं। समझा जाता है कि इस्लामाबाद ने एफ-१६ विमानों में कुछ संशोधन किए हैं जिसे वाशिंगटन ने पहले उन्हें बेचा था।

स्त्रोत –  दैनिक भास्कर .कॉम 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *