Menu Close

न्यूजीलैंड की दो मस्जिदों में आतंकी हमला : ४० लोगों की मौत, २० लोग घायल

१५ मार्च (एएफपी) न्यूजीलैंड में क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों में शुक्रवार को हुए हमलों में ४० लोगों की मौत हो गई और २० से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि इसे अब केवल आतंकवादी हमला ही करार दिया जा सकता है। हम जितना जानते हैं, ऐसा लगता है कि यह पूर्व नियोजित था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘संदिग्ध वाहनों से जुडे दो विस्फोटक उपकरण बरामद किए गए हैं और उन्हें निष्क्रिय कर दिया गया है।’’  न्यूजीलैंड पुलिस ने शुक्रवार को यहां दो मस्जिदों में गोलीबारी के संबंध में ४ लोगों को हिरासत में लिया है और कई आईईडी बरामद किए हैं।

पुलिस आयुक्त माइक बुश ने कहा, ‘‘चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से ३ पुरूष हैं और १ महिला है।’’ उन्होंने कहा कि हमलावरों के वाहनों से जुडे संदिग्ध आईईडी पाए गए हैं। सेना ने उन्हें निष्क्रिय कर दिया है। इस बीच, पुलिस ने शहर के स्कूलों से लॉकडाउन हटा दिया है। स्कूलों में किसी के अंदर या बाहर जाने पर प्रतिबंध लग गया था। लॉकडाउन हटने के बाद घबराए हुए अभिभावक अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे। न्यूजीलैंड पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘पुलिस अब यह पुष्टि कर सकती है कि क्राइस्टचर्च में सभी स्कूलों पर लगा लॉकडाउन हटा दिया गया है।’’ इस बीच पुलिस ने गोलीबारी संबंधी कोई भी वीडियो साझा नहीं करने की चेतावनी दी है। दरअसल, आॅनलाइन मौजूद एक वीडियो में एक बंदूकधारी मस्जिद में लोगों पर गोली चलाते समय वीडियो बनाते दिख रहा है।

पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘पुलिस जानती है कि क्राइस्टचर्च में हुई घटना के संबंध में एक बहुत ही तकलीफदेह वीडियो आॅनलाइन साझा किया जा रहा है। हम अपील करेंगे कि यह लिंक साझा नहीं किया जाए। हम फुटेज हटाने की कोशिश कर रहे हैं।’’ एएफपी को ‘यूट्यूब’ पर मिली वीडियो की प्रति में छोटे बालों वाला एक व्यक्ति मस्जिद की ओर वाहन चलाकर जाते दिख रहा है। व्यक्ति की दाढी-मूंछ नहीं है। मस्जिद में घुसते ही वह गोलीबारी करता है।

जिस फेसबुक और ट्विटर अकाउंट से वीडियो पोस्ट की गई थी, उन्हें निलंबित कर दिया गया है। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैंसिडा अर्डर्न ने इस गोलीबारी को ‘‘न्यूजीलैंड के सबसे काले दिनों में से एक’’ बताया।

स्त्रोत : जनसत्ता

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *