फाल्गुन शुक्ल पक्ष सप्तमी, कलियुग वर्ष ५११६
नई देहली : विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) द्वारा आगामी एक मार्च को दिल्ली में आयोजित किए जा रहे विराट हिन्दू सम्मेलन हेतु आज भूमि पूजन किया गया। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आज प्रात: सम्पन्न हुए इस भूमि पूजन हेतु पहले यज्ञ और फ़िर भू देवता की आराधना की गई। इस अवसर पर विहिप के केन्द्रीय सह मंत्री श्री कैलाश चन्द्र ने कहा कि परिषद के स्वर्ण जयन्ति वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाला यह सम्मेलन न सिर्फ़ विराट होगा बल्कि समस्त हिन्दू समाज में नव ऊर्जा का संचार करेगा।
विस्तृत जानकारी देते हुए विहिप प्रवक्ता श्री विनोद बंसल ने बताया कि आगामी एक मार्च को दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में दोपहर एक बजे से होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन में देश के अनेक अति-विशिष्ठ अतिथि व वरिष्ठ पूज्य सन्तोंके पहुंचने की सम्भावना है। इनके अतिरिक्त धार्मिक, सामाजिक,शैक्षिक, सांस्कृतिक तथा क्रीडा जगत की अनेक गण-मान्य हस्तियां भी सम्मेलन में भाग लेंगीं। कार्यक्रम की भव्यता को देखने हेतु दिल्ली के अलावा एन सी आर के हिन्दूओंके भी इस विराट सम्मेलन में पहुंचने की सम्भावना है। राजधानी के १५१ प्रखंडों में रहने वाले बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी व मातृ शक्ति सहित विहिप परिवार के अनेक घटकोंने अब कमर कस ली है।
कार्यक्रम के संयोजक श्री गुरुदीन प्रसाद रुस्तगी ने दिल्ली की जनता से अपील की है कि वह अपने पूरे परिवार, मित्रों तथा पडौसियोंके साथ समय पर पहुँच कर विराट हिन्दू शक्ति का परिचय दें तथा पूज्य संतोंका आशीर्वाद लें।
प्रस्तुत है, इस समारोह के कुछ अंश –
भूमि पूजन में विहिप स्वर्ण जयंती महोत्सव समिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री विनोद बंसल तथा अमर कालोनी प्रखंड मंत्री श्री संजय सिकरिया सपत्नीक भूमि पूजन यज्ञ के यजमान थे तथा कार्यक्रम में विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री करुणा प्रकाश, महा मंत्री श्री राम कृष्ण श्रीवास्तव, प्रान्त मंत्री श्री राम पाल सिंह व श्री विजय प्रकाश गुप्त, कार्यक्रम संयोजक श्री गुरुदीन प्रसाद रुस्तगी, हिन्दू हेल्प लाइन के श्री दीपक कुमार तथा बजरंग दल के प्रांत संयोजक श्री नीरज दोनेरिया सहित राजधानी के अनेक धार्मिक, सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियोंने भाग लिया।