मुंबई : १९९३ मुंबई बम धमाकोंके दोषी याकूब मेमन की फांसी का विरोध करने के १४ घंटे बाद ही बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने रविवार शाम को माफी मांग ली। सलमान ने इस बारे में ट्विटर पर लिखा, “मेरे पिता ने मुझे फोन किया और कहा कि मुझे अपने ट्वीट्स वापस लेने चाहिए, क्योंकि उनसे गलतफहमी पैदा हो सकती है। इस लिए मैं ट्वीट वापस लेता हूं। मैं बिना शर्त किसी गलतफहमी के लिए माफी मांगता हूं।” उधर, मुंबई में सलमान के घर के बाहर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने एक प्रदर्शनकारी को गिरफ्तार भी किया। महाराष्ट्र के सतारा में शिवसेना ने सलमान की फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ दिखा रहे एक सिनेमा हॉल के बाहर हंगामा किया। वहीं, देहली में हिंदू सेना ने सलमान का पुतला फूंका।
१४ ट्वीट कर किया याकूब की फांसी का विरोध
इस से पहले सलमान ने याकूब मेमन को फांसी दिए जाने का विरोध किया था। सलमान ने शनिवार देर रात ४९ मिनट में कुल १४ ट्वीट कर याकूब का सपोर्ट किया। उन्होंने पहला ट्वीट १:५२ सुबह और आखिरी ट्वीट २:४१ सुबह पर किया। सलमान ने ट्वीट कर कहा कि एक बेगुनाह की मौत इंसानियत का कत्ल है। सलमान के इस कदम का विरोध शुरू होते ही मुंबई पुलिस ने उनके घर के बाहर सिक्युरिटी बढ़ा दी है। सलमान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर काफी पुलिसवाले तैनात कर दिए गए हैं।
सलमान के ट्वीट पर भडके निकम, कहा-रात को कुछ लोग होश में नहीं रहते
सलमान के कमेंट से इस केस से जुड़े सरकारी वकील उज्ज्वल निकम भड़क गए। उन्होंने सलमान पर कानूनी कार्यवार्इ की चेतावनी दी है। सरकारी वकील उज्ज्वल निकम ने कहा कि सलमान खान का बयान आपत्तिजनक है। निकम ने कहा, ”सलमान अपनी लोकप्रियता का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। वह कोर्ट के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं। सलमान किस सबूत के आधार पर ऐसा कह रहे हैं? इससे २५७ लोगोंकी हत्या के दोषी के प्रति सहानुभूति पैदा होगी। हम कानूनी कार्यवार्इ करने पर विचार कर रहे हैं। मैं समझ सकता हूं कि रात में कई बार लोगोंको होश नहीं रहता। इस वजह से मैं सलमान को एक मौका और देने के पक्ष में हूं। ये देखना होगा कि सलमान अपना ट्वीट वापस लेते हैं कि नहीं।” वहीं, एनसीपी सांसद माजिद मेमन ने कहा कि लाखों लोग याकूब को फांसी दिए जाने के खिलाफ हैं। ऐसे में, निकम किस-किस के खिलाफ केस करेंगे।
सलमान ने शरीफ से भी की अपील
सलमान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से भी अपील करते हुए एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि शरीफ साहब आपसे एक दरख्वास्त है कि अगर टाइगर आपके मुल्क में है तो प्लीज बता दीजिए। बता दें कि याकूब को ३० जुलाई को फांसी होनी है।
सलीम ने किया बेटे का बचाव
सलीम खान ने याकूब को फांसी का विरोध करने वाले अपने बेटे सलमान खान का बचाव किया। एक टीवी चैनल से बाततीच के दौरान सलीम ने कहा, ”हर व्यक्ति को अपने विचार रखने का हक है। हालांकि, सलमान की राय इस केस में ज्यादा मायने नहीं रखती, क्योंकि उन्हें इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता है।” सलमान का एक्टर और बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा और रजा मुराद ने भी बचाव करते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र है और किसी को भी अपनी बात कहने का हक है।
सलमान खान के ट्वीट्स
१. हैंग टाइगर।
२. भाई को टाइगर के बदले फांसी दी जा रही है। अरे टाइगर कहां है?
३-४. टाइगर की ही तो कमी है इंडिया में, टाइगर को लाओ। हम तो अपनी फैमिली पर मर जाएं। टाइगर, तुम्हारा भाई कुछ दिनों में तुम्हारे लिए फांसी के फंदे पर चढ़ने वाला है। कोई स्टेटमेंट। कोई ऐड्रेस, कुछ तो बोलो कि तुम थे। वाह भाई हो तो ऐसा। मतलब, याकूब मेमन।
५. कौन सा टाइगर, कैसा टाइगर, किधर है टाइगर। समझ रहा है टाइगर। क्या सोच के नाम दिया था और क्या मायने निकाल लिया उसका।
६. एक इनोसेंट की हत्या इंसानियत का कत्ल है।
७. याकूब मेमन पर पढ़ के कमेंट करना।
८. हट।
९. टाइगर को लाओ।
१०. टाइगर को लाकर फांसी दो। दिखाने के लिए उसके भाई को नहीं।
११. किधर छुपा है टाइगर? ये कोई टाइगर नहीं है, बिल्ली है, और हम एक बिल्ली को नहीं पकड़ सकते।
१२. शरीफ साहब, एक दरख्वास्त है कि अगर ये आप के मुल्क में है तो प्लीज इत्तिला कर दीजिए।
१३. इस दिन का तीन दिन से इंतजार कर रहा था, ऐसा करने से डर रहा था, लेकिन यहां एक व्यक्ति की फैमिली की बात है। भाई को मत फांसी पर लटकाओ, लोमड़ी को फांसी दो जो भाग गया है।
१४. किसी ने उसे अभी तक टाइगर नहीं कहा। वह इसका हकदार नहीं है। हैंग दैट…. फिल इन द ब्लैंक्स।
स्त्रोत : दैनिक भास्कर