Menu Close

लादेन के बारे में सब कुछ जानता था पाक, पूर्व मंत्री ने उगला राज

नई दिल्ली– पाकिस्तान को अपने यहां छुपे आतंकी ओसामा बिन लादेन के बारे में पता था। हालांकि, अमेरिका के ओसामा के खात्मे के ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान ने दुनिया भर में कहा था कि उसे लादेन के छुपे होने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

हालांकि अब तत्कालीन पाकिस्तानी रक्षा मंत्री चौधरी अहमद मुख्तार ने खुलासा किया है कि उन्हें लादेन के इस्लामाबाद के पास ऐबटाबाद में छुपे होने के बारे में जानकारी थी। मुख्तार २००८ से २०१२ तक पाक के रक्षा मंत्री थे।

मुख्तार ने समाचार चैनल सीएनएनआईबीएन को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया कि तत्कालीन पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, तत्कालीन सैन्य प्रमुख जनरल अशफाक कयानी को भी लादेन के बारे में जानकारी थी। उन्होंने दावा किया कि सेना और आईएसआई में भी कुछ लोगों को इसकी जानकारी थी।

तब पाकिस्तान ने कहा था कि, उसे लादेन के ठिकाने के बारे में जानकारी नहीं थी। पूर्व पाकिस्तानी राष्ट्रपति और सैन्य प्रमुख परवेज मुशर्रफ ने कहा था कि वह ५०० फीसदी निश्चित होकर कह रहे हैं कि उन्हें लादेन के बारे में जानकारी नहीं थी, चाहे लोग उनपर भरोसा करें या न करें। यही नहीं, उन्होंने कहा था कि सेना और आईएसआई में भी इस बारे में किसी को जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा था, ‘सेना और आईएसआई को इसकी जानकारी नहीं थी। वे मुझसे नहीं छुपा सकते, क्योंकि मैं उनमें से ही हूं।’

स्त्रोत : नवभारत टाइम्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *