Menu Close

पेट में ९० कोकेन कैपसूल्स छुपाकर ले जा रहा था नाइजीरियाई व्यक्ति

नई देहली : नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने सोमवार को अफ्रीकी मूल के एक व्यक्ति को १.३ किलो कोलंबियाई कोकेन के साथ पकड़ा। इस कोकेन को वह व्यक्ति अपने पेट में ९० कैपसूल्स के रूप में ला रहा था। आरोपी टोनी ओकॉन्वो ६ फरवरी को लागोस से देहली लाया था।

नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने बताया कि, जब उसकी और उसके सामान की जांच की गई तो उसने अपने पास किसी भी तरह के ड्रग्स और प्रतिबंधित सामान होने से इनकार किया। नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डेप्युटी डायरेक्टर जनरल राजेंद्र पाल सिंह ने बताया, ‘उसपर तब संदेह हुआ जब उसने कहा कि, वह अपने विग और बालों के कारोबार के लिए भारत आया है, परंतु वह टूरिस्ट वीजा पर आया था।’

संदेह होने पर टोनी को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका एक्स-रे करवाया गया। उसे दो दिन अस्पताल में रखा गया और उसके पेट में ९० कैपसूल्स पाए गए जिनमें लगभग १.३ किलो कोकेन भरा हुआ था।

पूछताछ में पता चला कि, टोनी ने ये कैपसूल्स रविवार को नाइजीरिया के लागोस में एक गेस्टहाउस में निगलीं थीं। राजेंद्र पाल सिंह के अनुसार, ‘आरोपी टोनी ने बताया कि, लोम के लिए उड़ान भरने से पहले कैपसूल्स निगलने में उसने लगभग ३ घंटे लगाए, इसके बाद वह आदिस अबाबा गया और वहां से उसने देहली के लिए फ्लाइट पकड़ी। उसका पासपोर्ट भी इसकी पुष्टि कर रहा है।’ उन्होंने टोनी की आगे की योजना के बारे में बताते हुए कहा कि, वह कोकेन एक अन्य अफ्रीकी डिस्ट्रीब्यूटर को डिलिवर करने वाला था। सिंह ने कहा कि, भारत और नाइजीरिया में हैंडलर्स के बारे में पता लगाने का काम जारी है।

स्त्रोत : नवभारत टाइम्स

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *